मनीष सहानी जिला संवाददाता एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। जनपद महराजगंज के थाना सिन्दुरिया पुलिस ने 27 वर्ष पुराने मुकदमे में फरार चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। आरोपी के विरुद्ध माननीय अपर सिविल जज (अवर खंड), कोर्ट संख्या-01/न्यायिक मजिस्ट्रेट महराजगंज द्वारा गैर जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया था।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश त्रिपाठी ने पुलिस टीम के साथ दबिश देकर वारंटी प्रेमलाल पुत्र भुख्खल (45 वर्ष) निवासी पतरेंगवा टोला अरनहवा, थाना सिन्दुरिया को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 1997 में दर्ज मु0नं0 3300/97, सरकार बनाम किशोर, धारा 26एफ एक्ट, थाना कोतवाली महराजगंज से संबंधित मामला लंबित था। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल मनीष सिंह तथा कांस्टेबल कृष्ण कुमार मौर्य शामिल रहे।









