निचलौल, महराजगंज। छठ महापर्व पर जनपद महराजगंज के कोने-कोने में छठ घाटों पर जिला प्रशासन द्वारा साफ-सफाई के लिए जोर दिया गया था, परंतु ग्राम बेलवा ब्लॉक निचलौल में छठ घाट पर कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिससे छठव्रती महिलाओं को भारी असुविधा हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान श्रीमती संगीता देवी द्वारा छठ घाट पर छठ पर्व के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई। न ही घाट की साफ-सफाई कराई गई और न ही पूजा-अर्चना के लिए कोई इंतजाम किया गया। इससे व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं में नाराजगी है।
वहीं दूसरी ओर, निपनिया ग्राम सभा के प्रधान द्वारा छठ घाट पर पूजा-अर्चना हेतु संपूर्ण व्यवस्था की गई है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। निपनिया के लोग खुशी मना रहे हैं और अपने प्रधान की व्यवस्था की सराहना कर रहे हैं।
दोनों गांवों की तस्वीरें सामने आने के बाद बेलवा के ग्रामीणों में और भी आक्रोश बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि जब पड़ोसी गांव में इतनी अच्छी व्यवस्था हो सकती है, तो बेलवा में क्यों नहीं।
फिलहाल छठव्रती महिलाएं असुविधाओं के बीच ही पूजा करने को मजबूर हैं और प्रशासन से व्यवस्था कराने की मांग कर रही हैं।









