मोहम्मद अजहरुद्दीन तहसील संवाददाता एम आर जे न्यूज महराजगंज
श्यामदेउरवा, महराजगंज। थाना श्यामदेउरवा पुलिस ने ग्राम पंचायत बसहिया खुर्द सचिवालय में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे व निशानदेही पर चोरी गया करीब 6 लाख रुपये मूल्य का सामान, अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, चाकू तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
18 मई की रात सचिवालय में हुई थी चोरी
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर कुमार गौतम के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले का खुलासा किया। 18 मई 2026 की रात बसहिया खुर्द स्थित ग्राम सचिवालय का ताला तोड़कर अज्ञात चोर कंप्यूटर, सीपीयू, मॉनिटर, प्रिंटर, की-बोर्ड, माउस, सीसीटीवी डीवीआर समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में थाना श्यामदेउरवा में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मोहम्मदपुर से दबोचे गए आरोपी
पुलिस ने 1 जून को ग्राम मोहम्मदपुर से अफरोज (25 वर्ष) निवासी बसहिया बुजुर्ग तथा अब्दुल अजीज (24 वर्ष) निवासी तरकुलवा भटगांवा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अफरोज के पास से अवैध 32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस तथा अब्दुल अजीज के पास से नाजायज चाकू बरामद हुआ।
चोरी का पूरा माल बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 5 कंप्यूटर मॉनिटर, 1 प्रिंटर, 1 पेंट मशीन, 2 सीपीयू, 2 की-बोर्ड, 2 माउस, 1 लैपटॉप चार्जर, 3 टुल्लू पंप, 1 डीवीआर, 1 डी-लिंक डिवाइस, 4 सोलर पैनल, 2 मोबाइल फोन, 1200 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (UP56BC2202) बरामद की। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई गई है।
पहले करते थे रेकी, फिर देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले सरकारी भवनों और संस्थानों की रेकी करते थे। वे सुरक्षा व्यवस्था, चौकीदार की ड्यूटी, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और कीमती सामान की जानकारी जुटाने के बाद रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इनके निशाने पर कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैटरी, इन्वर्टर और अन्य मूल्यवान सामान रहते थे।
दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार अफरोज के खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अब्दुल अजीज पर एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न मामलों में कई केस दर्ज हैं। दोनों आरोपी आठवीं कक्षा तक शिक्षित बताए गए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
कार्रवाई में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक अनिकेत सिंह, उपनिरीक्षक अंजनी कुमार, कांस्टेबल धीरज गिरी, जितेंद्र सिंह, मनीष सिंह, पंकज यादव तथा अनिल यादव शामिल रहे।









