जावेद अख्तर सह सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
सिसवा बाजार, महराजगंज। सिसवा ब्लॉक के अंतर्गत ग्रामसभा हेवती चौराहे पर स्थित तन्नू ब्यूटी पार्लर की संचालिका सविता ने मानवता की मिसाल पेश की है। सविता अब गरीब और असहाय महिलाओं व बेटियों को 3 महीने तक निःशुल्क सिलाई, कढ़ाई और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण देंगी।
कहते हैं हुनर किसी का मोहताज नहीं होता, बस उसे सही दिशा देने वाला चाहिए। गेरमा की रहने वाली सविता ने यही सोचकर यह सराहनीय कदम उठाया है। उनका उद्देश्य है कि कोई भी बेटी सिर्फ पैसे के अभाव में हुनर सीखने से वंचित न रहे और आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार का सहारा बन सके।
तेजस्विनी अभियान बना प्रेरणा
सविता ने बताया कि दैनिक भास्कर के तेजस्विनी अभियान में उनके आत्मनिर्भर बनने की सच्ची कहानी दिखाई गई थी, उसी से उन्हें प्रेरणा मिली।
गौरतलब है कि सविता अब तक 830 महिलाओं को आत्मनिर्भर बना चुकी हैं। अब उन्होंने संकल्प लिया है कि हर साल 90 दिनों तक गरीब महिलाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा, “आज हर बेटी का हुनरमंद होना बहुत जरूरी है। अगर बेटी के पास सिलाई या ब्यूटी पार्लर का हुनर होगा तो वह घर बैठे ही 8 से 10 हजार रुपये महीने कमा सकती है।”
क्षेत्र में हो रही सराहना
सविता के इस ऐलान के बाद हेवती, गेरमा सहित पूरे सिसवा क्षेत्र में खुशी की लहर है। अभिभावकों ने कहा कि पैसे की कमी से वे बेटियों को बाहर प्रशिक्षण नहीं दिला पाते थे, अब घर के पास ही मुफ्त सुविधा मिलने से उनकी बेटियों का भविष्य सुधरेगा।









