नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज: गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की रोकथाम और समय रहते पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन परिसर में विशेष एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी महराजगंज की पहल पर आयोजित इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तचाप, मधुमेह समेत अन्य गैर संचारी रोगों की जांच की। इस दौरान लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित आहार लेने, व्यायाम करने और तंबाकू व नशे से दूर रहने की सलाह दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच अवश्य करानी चाहिए, ताकि गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में पता लगाकर प्रभावी उपचार किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद के विभिन्न ब्लॉकों में 16 जून तक विशेष एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाया जाएगा।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अभियान का लाभ उठाते हुए अपनी स्वास्थ्य जांच कराएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर गैर संचारी रोगों से बचाव करें।









