मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। जनपद महराजगंज को नया जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मिल गया है। मंगलवार को नवागत बीएसए सुरजीत सिंह ने बीएसए कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों, शिक्षकों और कार्यालय कर्मियों के साथ बैठक कर शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की प्राथमिकताओं पर चर्चा की।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद बीएसए सुरजीत सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, बच्चों के नामांकन में वृद्धि तथा ड्रॉपआउट दर को कम करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में शिक्षकों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी और मिड-डे मील की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही निपुण भारत मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
नवागत बीएसए ने कहा कि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा दिया जाएगा। शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, जबकि लापरवाही और अनियमितता बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा शैक्षिक गतिविधियों की सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए, ताकि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा का स्तर और बेहतर बनाया जा सके।









