नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कस्बा कोल्हुई में पुलिस द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने किया। इस दौरान उनके साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने कस्बे के प्रमुख मार्गों, बाजारों तथा संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। साथ ही संभावित भीड़ वाले क्षेत्रों का जायजा लेकर आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद करते हुए आगामी पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महराजगंज पुलिस श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।









