नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शनिवार को जिला कारागार महराजगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कारागार की सभी बैरकों का गहन निरीक्षण कराया तथा बंदियों की सघन तलाशी ली। तलाशी अभियान के दौरान कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
निरीक्षण के समय जेल अधीक्षक सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। जेल अधीक्षक ने अधिकारियों को बताया कि कारागार में नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाता है और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाता है। निरीक्षण के दौरान कारागार की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि कारागार की नियमित निगरानी और निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से शातिर एवं संवेदनशील बंदियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा समय-समय पर उनकी गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण का उद्देश्य जेल सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाना तथा कारागार में अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखना बताया गया।









