नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पुलिस व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने मंगलवार को थाना कोल्हुई का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय तथा थाना परिसर की साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद क्षेत्राधिकारी ने लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों तथा अपराध नियंत्रण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए थाना प्रभारी को क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी रखने और जनशिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सीओ दीपशिखा वर्मा ने विशेष रूप से महिला एवं साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि थाना परिसर में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद के सभी थानों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे आकस्मिक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।









