नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सिद्धार्थ ने कोतवाली थाना परिसर के ऑर्डर रूम (OR) में सदर सर्किल के विवेचकों की लंबित विवेचनाओं की समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान एएसपी ने प्रत्येक लंबित विवेचना की प्रगति का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने न्यायालय से संबंधित कार्यों का शीघ्र निस्तारण करने, वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
एएसपी सिद्धार्थ ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विवेचक पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों को विवेचनाओं की गुणवत्ता में सुधार, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन तथा न्यायालयी प्रक्रियाओं का समय से अनुपालन करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।









