नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज।जिला प्रशासन ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को यह परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा का कार्यक्रम
कुल 25,920 अभ्यर्थी तीन दिनों में छह पालियों में परीक्षा में शामिल होंगे। प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में 4,320 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में ब्रीफिंग के दौरान समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मी समय से अपने केंद्रों पर पहुंचें। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाए और तत्काल कार्रवाई की जाए। अभ्यर्थियों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाई जाए।
हर परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। जोनल मजिस्ट्रेट लगातार केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। केंद्र व्यवस्थापक एवं सह-व्यवस्थापक भी नियुक्त किए गए हैं।
सभी 11 केंद्रों पर कुल 437 जनपदीय पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अतिरिक्त पूरे जनपद में प्रत्येक थाने से कानून-व्यवस्था व यातायात ड्यूटी लगाई गई है जिससे कोई असुविधा न हो।
