मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक हुई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने केंद्रीय मंत्री व जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। इसके बाद विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा शुरू हुई।
बैठक में नौतनवा क्षेत्र में रसोई गैस सिलिंडर की कमी का मुद्दा उठा। इस पर केंद्रीय मंत्री ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को लेकर भी विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
ग्राम पंचायत सदस्यों के भत्ते का भुगतान लंबित होने पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने डीपीआरओ को मिशन मोड में भुगतान सुनिश्चित कराने को कहा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियां बढ़ाने और उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया गया।
सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए उन्होंने हेलमेट समेत सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू कराने के निर्देश दिए। रोजगार सेवकों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर उनके कार्य बहिष्कार को समाप्त कराने के लिए उपायुक्त स्वतः रोजगार को निर्देशित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में बड़ी संख्या में महिलाओं को पेंशन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत आवास पूरे किए जा चुके हैं। मनरेगा के अंतर्गत लाखों मानव दिवस सृजित हुए हैं तथा पीएम किसान योजना के तहत किसानों को करोड़ों रुपये की सहायता दी गई है।
जल जीवन मिशन, पीएमजीएसवाई, प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम सहित कई योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के अंत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अधिकारी समिति के निर्देशों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें तथा जनप्रतिनिधियों से सतत संवाद बनाए रखें। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन किया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक प्रेम सागर पटेल, ज्ञानेन्द्र सिंह, जय मंगल कन्नौजिया, वीरेन्द्र चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
