गुरुवार दोपहर 12:00 बजे निचलौल क्षेत्र के रेगहिया गांव में बृहस्पतिवार को पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति की ‘सुरोखित शैशव’ कार्यक्रम शाखा द्वारा बाल अधिकार जनजागरूकता रैली और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राहुल सांकृत्यायन शिक्षण संस्थान के बच्चों के सहयोग से संपन्न हुआ।
रैली को प्रधानाचार्य राजेश गुप्ता और शीतलापुर पुलिस चौकी के कांस्टेबल विवेक सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में संगोष्ठी आयोजित कर बच्चों और अभिभावकों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, सुरक्षित आवागमन, स्वास्थ्य बीमा और सामाजिक सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। साथ ही बाल श्रम, बाल विवाह और तस्करी रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
इस दौरान शिक्षक, पुलिस टीम, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।


