निचलौल थाना क्षेत्र के हनुमानगंज में बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार 8 लोग घायल हो गए। घायलों में 4 बच्चे, 3 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं, जो बरगदवा थाना क्षेत्र के बरगदवा व पिपरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद पत्रकार आनन्द कुमार गुप्ता ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अपने निजी वाहन से तत्काल निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से कई घायलों की हालत गंभीर होने से बच गई।
अधीक्षक डॉ. उमेश चंद्र ने बताया कि सभी का प्राथमिक उपचार किया गया, जबकि दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। उन्होंने पत्रकार के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।

