गुरुवार दोपहर 3:00 बजे सोहगीवरवा में सशस्त्र सीमा बल (SSB) 22वीं वाहिनी द्वारा निःशुल्क ग्रामीण चिकित्सा ओपीडी शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर डॉ. अमित नंदन त्रिपाठी, द्वितीय कमान अधिकारी (चिकित्सा) के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर में कुल 111 मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया गया, जिनमें 32 पुरुष, 51 महिलाएं और 28 बच्चे शामिल रहे। सभी मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
इस दौरान चिकित्सकीय टीम ने ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिविर के माध्यम से दूरदराज के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराई गईं। इस सराहनीय पहल के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने एसएसबी के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की मांग की।