बुधवार दोपहर 2:00 बजे कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार नगर पालिका परिषद निवासी एक युवक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। युवक का कहना है कि वह एक पॉक्सो मामले में गवाह है, जिसका मुकदमा संख्या 58/2020 वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
पीड़ित का आरोप है कि मामले के आरोपितों द्वारा उस पर गवाही न देने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था। जब उसने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया तो 5 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना कोठीभार थाने में दी गई, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उल्टा उसका ही चालान कर दिया। उसने आरोप लगाया कि मारपीट में उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया, इसके बावजूद न तो उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज किया गया।
युवक ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच किसी उच्च अधिकारी से कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रह सके।


