मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज ।जिलाधिकारी महराजगंज संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेंद्र मीना द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के सुचारु, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा की समग्र तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूर्णतः शुचितापूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेट्स, स्टैटिक मजिस्ट्रेट्स एवं पुलिस अधिकारियों को सख्ती से निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे, किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने भी बैठक में कहा कि सॉल्वर गैंग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग एवं अन्य अनुचित साधनों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
लापरवाही बरतने वाले केंद्र प्रभारियों/कर्मचारियों/पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह बैठक जनपद में शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप परीक्षा की गरिमा एवं विश्वसनीयता बनाए रखने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
प्रशासन की यह प्रतिबद्धता अभ्यर्थियों में परीक्षा के प्रति पूर्ण विश्वास जगाने एवं योग्य अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी।


