मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
नौतनवा – महराजगंज। जनपद महराजगंज में दिनांक 7 मार्च 2026 विकास खण्ड नौतनवा की ग्राम पंचायत बड़हरा में प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य प्रशासन को गांवों तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं को समझना और उनका यथासंभव मौके पर ही समाधान करना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, इसलिए गांव स्तर पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम स्तर पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लंबित योजनाओं को अभियान चलाकर पूर्ण कराया जाए। मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों में पारदर्शिता के लिए कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों का जागरूक होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं के आवेदन भी कराए गए।
इस दौरान पंचायत सहायक, सफाईकर्मी, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की जानकारी भी ली गई। ग्रामीणों ने बताया कि सभी कर्मचारी नियमित रूप से गांव में आते हैं और अपने कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
चौपाल में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को 1.08 लाख रुपये तक का अनुदान मिलता है। इससे बिजली बिल में कमी आने के साथ अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है।
खंड विकास अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत की कुल जनसंख्या 2614 है और 508 परिवार निवास करते हैं। गांव में 569 लोगों के आयुष्मान कार्ड बने हैं, 644 किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं, 450 पात्र गृहस्थी कार्डधारक हैं, जबकि 33 को अंत्योदय कार्ड मिला है। इसके अलावा 94 वृद्धावस्था पेंशन, 21 निराश्रित महिला पेंशन और 10 दिव्यांग पेंशनधारक हैं। उन्होंने बताया कि गांव में 336 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री और 56 परिवारों की फैमिली आईडी बन चुकी है, जिस पर जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 77 लोगों को चिकित्सीय परामर्श और दवाएं दी गईं, जबकि 26 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया। इस अवसर पर डीएफओ निरंजन सुर्वे, सीएमओ डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रोबेशन अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, खंड विकास अधिकारी नौतनवा सहित अन्य विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








