मनीष सहानी जिला संवाददाता एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज: जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोरखपुर की एंटी करप्शन (ट्रैप) टीम ने उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की महराजगंज शाखा के दो कर्मचारियों को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से सरकारी विभागों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में हरिराम प्रसाद (सममति सहायक फील्ड ऑफिसर) तथा जय ओम (सममति डीड राइटर/चपरासी, अवैतनिक) शामिल हैं। दोनों पर शिकायतकर्ता से उसके पिता के लोन की दूसरी किस्त जारी कराने के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
पीड़ित द्वारा एंटी करप्शन विभाग से शिकायत किए जाने के बाद ट्रैप टीम ने सुनियोजित योजना बनाई। मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे नगर पंचायत चौक स्थित ठेकी चौराहा के पास एक दुकान पर जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान एंटी करप्शन टीम ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मामले में थाना कोतवाली चौक में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस और एंटी करप्शन विभाग द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद संबंधित विभागों में खलबली मच गई है तथा कर्मचारियों में भी भय का माहौल देखा जा रहा है।









