अहमद रजा जिला ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। थाना श्यामदेउरवां पुलिस ने सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार की मौत के मामले में वांछित स्कूटी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को दिन में लगभग 10:40 बजे रामदरश प्रसाद (54 वर्ष) साइकिल से परतावल चौक से छातिराम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से स्कूटी चला रहे चालक ने बिना हॉर्न बजाए पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल रामदरश प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी शुभम वर्मा (18 वर्ष) पुत्र दिनेश वर्मा, निवासी ग्राम धनगड़ा, परतावल बाजार, थाना श्यामदेउरवां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर गैर इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक अनिकेत सिंह एवं हेड कांस्टेबल इन्दल चौहान की टीम द्वारा की गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।









