मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। नेपाल के प्यूठान जिले में 23 अप्रैल 2026 को प्रातः लगभग 8 बजे एक जिप्सी वाहन के 30 फीट गहरी खाई में गिरने से हुई दुर्घटना में जनपद महराजगंज के 19 तीर्थयात्री घायल हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन के समन्वय से सभी घायलों को सोनौली बॉर्डर से एसडीएम फरेंदा द्वारा रिसीव किया गया। आज प्रातः 4:30 बजे थाना प्रभारी भिटौली के नेतृत्व में 9 एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उचित इलाज चल रहा है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्वयं BRD मेडिकल कॉलेज गोरखपुर पहुंचकर वार्ड में प्रत्येक घायल से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने घायलों के वर्तमान स्वास्थ्य व हो रहे इलाज की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। मेडिकल प्रशासन की तरफ से बेहतर इलाज का पूरा भरोसा दिलाते हुए सभी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
