नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज/सोहगीबरवा: पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत थाना सोहगीबरवा की मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
टीम ने महिला हेल्पलाइन 181, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर तथा पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न महिला एवं बाल कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही महिलाओं को किसी भी प्रकार की उत्पीड़न, हिंसा अथवा आपात स्थिति में उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस कर्मियों ने पंपलेट वितरित कर महिलाओं से संवाद स्थापित किया और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सजग बनने का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा उन्हें सरकारी योजनाओं एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत आगे भी जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार संचालित किए जाते रहेंगे, जिससे महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को और अधिक बल मिल सके।









