नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सिम बॉक्स के जरिए अंतरराष्ट्रीय कॉल को स्थानीय कॉल में बदलकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. नबीश (28 वर्ष) पुत्र मो. शाबिर, निवासी इस्लामपुर, थाना जयनगर, जनपद मधुबनी (बिहार) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ साइबर क्राइम थाने में मु.अ.सं. 46/2026 के तहत बीएनएस, दूरसंचार अधिनियम एवं आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभियुक्त फर्जी दस्तावेजों पर प्राप्त सक्रिय सिम कार्डों का इस्तेमाल कर 32 स्लॉट वाले सिम बॉक्स का संचालन करता था। इस तकनीक के माध्यम से इंटरनेट से आने वाली विदेशी कॉल को स्थानीय मोबाइल कॉल में बदलकर लोगों तक पहुंचाया जाता था। इसका उपयोग ओटीपी फ्रॉड, फर्जी कॉल और अन्य साइबर ठगी के लिए किया जाता था, जिससे दूरसंचार कंपनियों को भी भारी राजस्व का नुकसान होता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 32 स्लॉट का सिम बॉक्स, 151 सक्रिय सिम कार्ड, दो मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, एक राउटर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस टीम को ₹25,000 के नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है।










