मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज।धानी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा चौका में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई, जिसमें भगेलु, राजेश सहित कुल 11 लोगों के घर जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में घरों में रखा पंखा, टीवी, बेड, बिस्तर, कपड़े, गहने और अन्य जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत और एकजुटता का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को बुझा दिया गया, नहीं तो आसपास खड़ी कई फसलें भी जलकर राख हो सकती थीं, जिससे नुकसान और भी बढ़ जाता।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी छट्टू सिंह व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि राहुल शर्मा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए पीड़ितों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता, राशन व आवास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।










