अहमद रजा जिला ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
कोल्हुई- महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोल्हुई पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। डायल 112 की सूचना पर घर से भटककर आए मासूम बच्चे को पुलिस टीम ने सुरक्षित बरामद कर उक्त बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार डायल 112 पर सूचना मिली कि एक बच्चा घर से भटक गया है। सूचना मिलते ही कोल्हुई थाना पुलिस टीम तत्काल हरकत में आई और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के पूछताछ में बच्चे ने अपना नाम अरुण पुत्र ईश्वर निवासी काकरहिया गांव, थाना क्षेत्र खेसरहा, जनपद सिद्धार्थनगर बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके परिजनों से संपर्क साधा।
कोल्हुई पुलिस टीम द्वारा गहनता से सत्यापन के बाद मासूम अरुण को उसके नाना रामदयाल, निवासी सिकरीगंज, जनपद महराजगंज के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने कोल्हुई पुलिस टीम का आभार जताया।
यह पूरा रेस्क्यू पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में कोल्हुई थाना पुलिस टीम द्वारा किया गया।
