मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज: आगामी वर्षा एवं संभावित बाढ़ को देखते हुए बुधवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने जनपद के बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना बरगदवा क्षेत्र स्थित महाव नाला, थाना ठूठीबारी क्षेत्र के चंदन नदी पुल तथा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का भ्रमण किया। चंदन नदी पुल पर संभावित जलस्तर वृद्धि की स्थिति, आवागमन व्यवस्था और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का विशेष रूप से जायजा लिया गया। साथ ही जल निकासी व्यवस्था, तटबंधों की मजबूती तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों का भी निरीक्षण किया गया।
डीएम एवं एसपी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नाव, राहत सामग्री, बचाव उपकरण तथा अन्य आवश्यक संसाधन पहले से उपलब्ध रखे जाएं। उन्होंने संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीमावर्ती गांवों की स्थिति की जानकारी ली और बाढ़ की स्थिति में लोगों की सुरक्षा तथा निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर कार्य करने तथा हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।









