नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। जनपद महराजगंज में गलघोंटू यानी डिप्थीरिया जैसी जानलेवा बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए 20 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष स्कूल-आधारित टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक विभाग और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के साथ मिलकर 1,33,140 बच्चों को कवर करने का मेगा प्लान तैयार किया है। सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों से लेकर मदरसों तक हर जगह टीकाकरण टीम पहुंचेगी। कोई बच्चा छूटे नहीं, इसके लिए जिला, ब्लॉक और स्कूल स्तर पर माइक्रोप्लान बना लिया गया है।
अभियान में 5-6 वर्ष के 30,341 बच्चों को DPT-2 बूस्टर, 10-11 वर्ष के 66,755 बच्चों को Td-10 और 16 वर्ष के 36,044 बच्चों को Td-16 टीका लगाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि डिप्थीरिया एक बैक्टीरियल संक्रमण है जो नाक और गले को प्रभावित करता है। बुखार, जुकाम, गले में सूजन और कमजोरी इसके लक्षण हैं। इससे बचाव का सबसे असरदार उपाय समय पर टीकाकरण ही है।
सभी अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर स्कूल या नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर जरूर भेजें। टीका पूरी तरह निःशुल्क है और किसी भी प्रतिकूल प्रतिक्रिया से निपटने के लिए हर केंद्र पर इंतजाम किए गए हैं। अभियान की निगरानी ई-विन, यू-विन पोर्टल समेत अन्य माध्यमों से होगी ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।
पोलियो की तरह डिप्थीरिया को भी इतिहास बनाना है। 1.33 लाख बच्चों की इम्युनिटी का मतलब है जिले का भविष्य सुरक्षित। स्कूल-मदरसे तक वैक्सीन पहुंच रही है, अब जिम्मेदारी अभिभावकों की है। एक सुई, जिंदगी भर की सुरक्षा। बच्चा छूटा तो खतरा नहीं टूटा।
