अहमद रजा जिला ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज/कोल्हुई: पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को कोल्हुई पुलिस ने मिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया।
थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिट्टी से लदा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से परिवहन संबंधी वैध अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा। पुलिस को देखकर चालक ने ट्रॉली में लदी मिट्टी रास्ते में ही गिरा दी और भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे रोक लिया।
जांच के दौरान चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मुक्तिनाथ यादव, कांस्टेबल हरि प्रताप यादव एवं कांस्टेबल हरिकेश चंद शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।









