अहमद रजा जिला ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत थाना नौतनवा पुलिस द्वारा ग्राम कौलही में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने घरेलू हिंसा, लैंगिक अपराधों से बचाव, आत्मरक्षा के उपाय तथा महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबरों 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से सुरक्षा संबंधी समस्याओं पर खुलकर संवाद किया गया तथा उन्हें किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।









