अम्बरीष शर्मा राज्य ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। पुलिस लाइन महराजगंज में शनिवार को आयोजित पुलिस वेलफेयर कार्यक्रम में पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि शिक्षा, अनुशासन और कठिन परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, निरंतर मेहनत करने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार के बच्चों की उपलब्धियां पूरे विभाग के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं।
एसपी ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने मेधावी बच्चों के अभिभावकों को भी बधाई देते हुए उनकी भूमिका की सराहना की और कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।
सम्मान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।









