अहमद रजा जिला ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज/घुघली: थाना घुघली पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृता को भी सकुशल बरामद कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 9 मई 2026 को थाना घुघली में एक शिकायत के आधार पर मुकदमा संख्या 96/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में ग्राम सिरसिया निवासी प्रदुम्न यादव उर्फ लालू पर नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस टीम आरोपी और किशोरी की तलाश में जुटी हुई थी।
शनिवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी प्रदुम्न यादव उर्फ लालू (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 137(2) एवं 87 बीएनएस के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शाहिद सिद्दीकी, महिला उपनिरीक्षक रुचि तथा कांस्टेबल सोनू कन्नौजिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









