राहुल तिवारी , जिला ब्यूरो सिंगरौली मध्यप्रदेश की रिपोर्ट
नौडिहवा खैडार।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नौडिहवा खैडार में शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने से छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर के इस विद्यालय में सैकड़ों विद्यार्थी पढ़ते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधा के अभाव में उन्हें खुले में शौच के लिए जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
सबसे अधिक परेशानी छात्राओं और महिला शिक्षिकाओं को हो रही है। अभिभावकों का कहना है कि शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव से बच्चों की स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
खास बात यह है कि यह विद्यालय संकुल केंद्र भी है, जहां आसपास के स्कूलों के शिक्षक और शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी बैठकों एवं शासकीय कार्यों के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद विद्यालय में शौचालय की बदहाल स्थिति जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।
स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि समस्या से जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जल्द शौचालय निर्माण कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्कूल के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर आंदोलन किया जाएगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या विद्यालय में पहले शौचालय बना था, जो जर्जर होकर अनुपयोगी हो गया, या आज तक शौचालय की व्यवस्था ही नहीं की गई? इस संबंध में शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।















