रिपोर्ट – सुनील प्रजापति ऐंधा जालौन
रामपुरा (जालौन)। जगम्मनपुर से त्रियोदशी का भोज खाकर लौट रहे लोगों की वैगनआर कार (UP 92 AU 2838) ने महूटा पुलिया के पास जगम्मनपुर की ओर से लौट रहे बाइक सवार साजिद को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवारों समेत कई लोग घायल हो गए।
वैगनआर में आलोक कुमार पुत्र रामकुमार (उम्र करीब 42 वर्ष), अनुज कुमार पुत्र राजेश कुमार (चालक), निवासी सिरसा कलार, सुनील कुमार पुत्र रामबाबू (उम्र करीब 50 वर्ष), निवासी मदारीपुर तथा संगीता देवी पत्नी आलोक कुमार (उम्र करीब 30 वर्ष) सवार थे। सभी लोग जगम्मनपुर में संतोष कुमार पुत्र पुनु दोहरे के यहां आयोजित त्रियोदशी के भोज में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
हादसे के दौरान कार चालक नशे में था। इसी दौरान महूटा पुलिया के पास वैगनआर ने बाइक सवार साजिद को पीछे से टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही PRV 8355 मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में दीवान उमेश, SSI लाल बहादुर, PRV चालक उदय प्रकाश, हेड कांस्टेबल मुनेश कुमार एवं कांस्टेबल रवि शामिल रहे। पुलिसकर्मियों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा पहुंचाया।
सीएचसी रामपुरा में ड्यूटी पर तैनात डॉ. गोपाल जी द्विवेदी ने सभी घायलों का जांच एवं चिकित्सकीय परीक्षण किया। प्राथमिक उपचार के बाद अनुज कुमार और आलोक कुमार को छोड़कर अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस द्वारा घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।











