प्रतापगढ़। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर आज दिनांक 22 सितंबर, 2026 से गाड़ी संख्या 13257/13258 जनसाधारण एक्सप्रेस का ठहराव प्रारंभ किया गया। इस नई रेल सुविधा से प्रतापगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली, बिहार तथा मार्ग के प्रमुख शहरों के लिए बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में गाड़ी संख्या 13257 जनसाधारण एक्सप्रेस को शिव पाल सिंह पटेल, सांसद, प्रतापगढ़ तथा राजेन्द्र कुमार मौर्य, विधायक, प्रतापगढ़ द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में शूरवीर सिंह चौहान, अपर मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ तथा समर्थ गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
गाड़ी संख्या 13257 दानापुर–आनंद विहार टर्मिनल जनसाधारण एक्सप्रेस का माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ स्टेशन पर निर्धारित आगमन/प्रस्थान समय 22:05/22:07 बजे है। वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 13258 आनंद विहार टर्मिनल–दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस का निर्धारित आगमन/प्रस्थान समय 00:48/00:50 बजे है।









