मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
बरगदवां – महराजगंज। उत्तर प्रदेश के जनपद महराजगंज के थाना बरगदवां क्षेत्र के अंतर्गत भगतपुरवा ग्रामसभा में महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर बहू-बेटी जागरूकता अभियान के तहत मिशन शक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला उपनिरीक्षक प्रिया गौतम, महिला कांस्टेबल सपना, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, स्वयं सहायता समूह की कार्यकत्रियों सहित दर्जनों महिलाएं एवं बालिकाएं मौजूद रहीं। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर सहायता लेने की जानकारी दी।
महिलाओं एवं बालिकाओं को 112, 1090, 108, 102 और 1098 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता बताई गई। साथ ही महिला सुरक्षा, आपातकालीन सहायता और बालिकाओं से संबंधित मामलों में बिना झिझक मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें उपलब्ध सरकारी सहायता एवं सुरक्षा सेवाओं की जानकारी देना रहा।









