21 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण का हुआ समापन, प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र एवं सिलाई किट वितरित वाइब्रेंट विलेज के पंचायत भवनों को टेबल, कुर्सी एवं कूड़ेदान भी किए गए प्रदान

News Desk
views
4
2 hours ago
Published On:

Follow Us

अम्बरीष शर्मा राज्य ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज 

 

महराजगंज। सीमावर्ती क्षेत्र में नागरिक कल्याण एवं सामाजिक उत्थान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, महराजगंज द्वारा चलाए जा रहे नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत वंश बहादुर इंटर कॉलेज, बहुआर कला, झुलनीपुर में आयोजित 21 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह दिनांक 11 सितंबर 2026 को हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री नरेश कुमार जांगिड़, द्वितीय कमान अधिकारी (कार्यवाहक कमांडेंट), 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, महराजगंज रहे। मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके उपरांत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र एवं सिलाई से संबंधित किट प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रशिक्षुओं को विशेष रूप से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर कार्यवाहक कमांडेंट श्री नरेश कुमार जांगिड़ ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कौशल विकास प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं एवं युवाओं को रोजगारपरक हुनर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त कौशल का उपयोग प्रशिक्षु स्वरोजगार स्थापित करने के साथ-साथ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में कर सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सिलाई जैसे व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं घर से ही रोजगार के अवसर प्राप्त कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।

वाइब्रेंट विलेज में पंचायत भवनों को सामग्री वितरित

समारोह के दौरान सामाजिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती वाइब्रेंट विलेज में ग्रामीण सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। समवाय पतलावा के कार्यक्षेत्र अंतर्गत वाइब्रेंट विलेज भेड़िहारी के पंचायत भवन तथा समवाय झुलनीपुर के कार्यक्षेत्र अंतर्गत वाइब्रेंट विलेज बहुवार खुर्द के पंचायत भवन के लिए टेबल, कुर्सी एवं कूड़ेदान प्रदान किए गए।

इस पहल का उद्देश्य पंचायत भवनों में आने वाले ग्रामीणों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांवों में स्वच्छता, सुव्यवस्था एवं जनसुविधाओं को बढ़ावा देना है।

विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक चेतना एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वंश बहादुर इंटर कॉलेज, बहुवार खुर्द के छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश एवं उमंग के साथ लोकगीत, लोकनृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का कार्यवाहक कमांडेंट श्री नरेश कुमार जांगिड़ द्वारा पुरस्कार प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं सामाजिक चेतना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें अपनी लोक संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।

जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं पत्रकारों की रही सहभागिता

समारोह में श्री शशांक राय, उप कमांडेंट, निरीक्षक सामान्य शिवपूजन प्रसाद, निरीक्षक सामान्य अरुण पांडे, सहायक उप निरीक्षक सामान्य राजीव राय, मुख्य आरक्षी सामान्य दिनकर मिश्रा, आरक्षी सामान्य अनिल मिन्हास, राजेश तिवारी एवं मंसूर अली सहित वाहिनी एवं संबंधित समवायों के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

इसके अलावा श्री पीयूष जायसवाल, तहसीलदार निचलौल, श्री ईश्वर शरण दास, प्रधानाचार्य, श्री शिवेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान भेड़िहारी, श्री श्याम सुंदर, ग्राम प्रधान बहुवार खुर्द, श्री पन्नालाल, ग्राम प्रधान मटरा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, पत्रकार बंधु, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

सीमावर्ती जनता के साथ मजबूत हो रहा विश्वास

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिक कल्याण एवं सामाजिक उत्थान के लिए किए जा रहे विभिन्न जनहितकारी कार्यों की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से सुरक्षा बल एवं सीमावर्ती जनता के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं सौहार्द की भावना और अधिक मजबूत होती है।

22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा सीमा सुरक्षा के दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों के विकास एवं कल्याण के लिए नागरिक कल्याण, कौशल विकास, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सीमावर्ती ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने में सहयोग प्रदान करना है।

समापन समारोह सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के इस जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
News Desk

News Desk

नमस्कार, MRJNews.in पर आप का स्वागत है। हमारा उदेस्य है आप को उत्तर प्रदेश महराजगंज जिले से जुड़ी ताज़ा खबरें प्रदान करना है, ताकि आप हमेशा अपडेटेड रहें। अगर हमारे द्वारा दिए गए खबर में कोई त्रुटि होती है तो आप हमसे बेझिझक संपर्क कर सकते है Whatsapp 7754835841 के जरिए धन्यवाद।

For Feedback - ask.mrjnews.in@gmail.com

Related News

Leave a Comment