अहमद रजा जिला ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
मानकों पर भी सवाल, योग्य शिक्षकों और जरूरी सुविधाओं की कमी का आरोप; बीईओ ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा
लक्ष्मीपुर/महराजगंज। लक्ष्मीपुर विकासखंड क्षेत्र के ग्रामसभा खालिकगढ़ आराजी सुवाइन के पिपरहवा टोला में संचालित एपीएस पब्लिक स्कूल को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय लंबे समय से बिना मान्यता के कक्षा आठ तक संचालित किया जा रहा है। मामले की जानकारी शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक नहीं पहुंचने से विभागीय निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक विद्यालय में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ने आते हैं। आरोप है कि कक्षा आठ तक पढ़ाई संचालित होने के बावजूद विद्यालय के पास मान्यता संबंधी स्थिति स्पष्ट नहीं है। अभिभावकों का यह भी कहना है कि विद्यालय में निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त योग्य शिक्षक और जरूरी शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
शिक्षा विभाग के नियमानुसार विद्यालय संचालन के लिए भवन, पर्याप्त कक्ष, योग्य शिक्षक, पेयजल, शौचालय समेत विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं का होना जरूरी है। ग्रामीणों का दावा है कि विद्यालय में इन मानकों को लेकर भी स्थिति संतोषजनक नहीं है। ऐसे में बिना मान्यता के विद्यालय संचालन की स्थिति सामने आने पर बच्चों के शैक्षिक भविष्य को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले में खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीपुर सुदामा प्रसाद ने बताया कि विद्यालय के संबंध में उन्हें अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी। यदि विद्यालय बिना मान्यता संचालित पाया गया या निर्धारित मानकों का उल्लंघन सामने आया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









