मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। सीमावर्ती क्षेत्र में कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, महराजगंज की ओर से वंश बहादुर इंटर कॉलेज, बहुआर कला-झुलनीपुर में आयोजित 21 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कार्यवाहक कमांडेंट नरेश कुमार जांगिड़ ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र एवं सिलाई किट वितरित की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रशिक्षुओं को विशेष रूप से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यवाहक कमांडेंट ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र की महिलाओं एवं युवाओं को रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि सिलाई का हुनर ग्रामीण महिलाएं घर से स्वरोजगार शुरू कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में उपयोग कर सकती हैं।
वाइब्रेंट विलेज के पंचायत भवनों को मिली सुविधाएं
कार्यक्रम के दौरान वाइब्रेंट विलेज भेड़िहारी एवं बहुवार खुर्द के पंचायत भवनों के लिए टेबल, कुर्सी एवं कूड़ेदान भी प्रदान किए गए। इससे ग्रामीणों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छता एवं सुव्यवस्था को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, लोकनृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में तहसीलदार निचलौल पीयूष जायसवाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य, ग्राम प्रधान, एसएसबी के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, पत्रकार, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने 22वीं वाहिनी एसएसबी के नागरिक कल्याण एवं कौशल विकास से जुड़े प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से सीमावर्ती जनता और सुरक्षा बलों के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग और मजबूत होता है।









