मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
नई दिल्ली। देश में जल्द ही 10 और 20 रुपये के प्लास्टिक (पॉलीमर) नोट देखने को मिल सकते हैं। केंद्र सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को पॉलीमर नोटों के बड़े स्तर पर ट्रायल की मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद आरबीआई 10 और 20 रुपये के कुल 200 करोड़ पॉलीमर नोट परीक्षण के तौर पर जारी करेगा।
लोकसभा में सोमवार को वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि आरबीआई 10 रुपये और 20 रुपये मूल्य के 100-100 करोड़ पॉलीमर नोट छापेगा। यदि यह ट्रायल सफल रहता है तो भविष्य में इन नोटों को नियमित रूप से प्रचलन में लाया जा सकता है। हालांकि, मौजूदा कागज के नोट पहले की तरह वैध रहेंगे और उन्हें बंद नहीं किया जाएगा। ट्रायल शुरू होने की तारीख अभी तय नहीं की गई है।
पॉलीमर नोट पारंपरिक कागज के नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ होते हैं। इन पर नमी, गंदगी और टूट-फूट का असर कम होता है। साथ ही इनमें आधुनिक सुरक्षा फीचर होने के कारण नकली नोटों की पहचान करना भी आसान होता है। दुनिया के कई देशों में पहले से पॉलीमर करेंसी का सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है।
गौरतलब है कि आरबीआई वर्ष 2014-15 में भी 10 रुपये के पॉलीमर नोटों का सीमित स्तर पर ट्रायल कर चुका है। उस समय कोच्चि, मैसूर, जयपुर, शिमला और भुवनेश्वर में इन नोटों को परीक्षण के लिए जारी किया गया था।
अब इस बड़े ट्रायल के नतीजों के आधार पर भविष्य में अन्य मूल्यवर्ग के पॉलीमर नोट जारी करने पर भी फैसला लिया जा सकता है। यदि यह प्रयोग सफल रहा तो भारतीय मुद्रा व्यवस्था में यह एक महत्वपूर्ण बदलाव साबित होगा।










