मनीष सहानी जिला संवाददाता एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज, 7 अक्टूबर। पुरन्दरपुर पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित चल रहे 22 वर्षीय अभियुक्त रामाआशीष को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे पैसिया ओवरब्रिज के नीचे से मुखबिर की सूचना पर की गई।
पुलिस के मुताबिक थाना पुरन्दरपुर क्षेत्र के ग्राम मदरहा ककटही टोला चौतरवा निवासी एक महिला ने 2 सितंबर 2026 को अपनी करीब 21 वर्षीय पुत्री को रामाआशीष द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर थाना पुरन्दरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 69 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई, जिसके बाद से अभियुक्त वांछित चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी फरेन्दा दीपशिखा वर्मा के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रभुनाथ राम, उपनिरीक्षक गामा यादव और कांस्टेबल सुनेन्द्र यादव की टीम ने अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामाआशीष पुत्र अरबिन्द वर्मा, निवासी ग्राम मदरहा ककटही टोला चौतरवा, थाना पुरन्दरपुर, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया।









