नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र के पुरैना खंडी चौरा में शनिवार रात हुई मूसलाधार बारिश से जय मां दुर्गे स्टील एंड एल्यूमिनियम आयरन वर्क के परिसर में पानी भर गया। अचानक हुए जलभराव के कारण प्रतिष्ठान में रखा लोहे और एल्युमिनियम का सामान पानी में डूब गया। प्लेट, शीट समेत अन्य सामग्री भी काफी देर तक पानी के बीच पड़ी रही। दुकानदार के मुताबिक पानी के तेज बहाव में कुछ शीट बहकर परिसर के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच गईं। बारिश थमने के बाद पानी कम होने पर सामान को बाहर निकालकर नुकसान का जायजा लिया गया। व्यापारी ने बताया कि बड़ी मात्रा में सामग्री खराब होने और कुछ सामान के बह जाने से लाखों रुपये की क्षति हुई है। जलभराव के कारण व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं। दुकानदार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित सहायता दिलाने की मांग की है।









