मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। जिले को नया जिलाधिकारी मिल गया है। शासन की ओर से किए गए प्रशासनिक फेरबदल के बाद नवागत जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने शनिवार को महराजगंज पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने निवर्तमान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल का स्थान लिया है, जिनका तबादला सिद्धार्थनगर जनपद के लिए कर दिया गया है।
कार्यभार ग्रहण करते ही नवागत जिलाधिकारी के सामने कई अहम चुनौतियां हैं। जिले की विकास योजनाओं को गति देना, जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण करना, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा।
भारत-नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटा होने के कारण महराजगंज जिला सामरिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में सीमा सुरक्षा, तस्करी पर अंकुश, सोनौली सीमा पर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जैसे मुद्दे भी प्रशासन के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहेंगे।
नवागत जिलाधिकारी के कार्यभार संभालते ही जिले में प्रशासनिक कामकाज को लेकर नई उम्मीदें जग गई हैं। अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता भी उम्मीद कर रही है कि उनके नेतृत्व में जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि नवागत जिलाधिकारी की प्राथमिकताओं में कौन-कौन से मुद्दे सबसे ऊपर रहते हैं और वे जिले के विकास को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं।









