धनंजय गुप्ता क्राइम ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। सिसवा ब्लॉक के ग्रामसभा गैरमा में दशहरा मेले के दौरान टूटा बिजली का पोल करीब एक महीना बीत जाने के बाद भी नहीं लगाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इतना दौड़ने के बाद भी पावर हाउस से उन्हें सिर्फ आश्वासन मिल रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार दशहरा मेले के दौरान एक पिकअप वाहन ने गैरमा और गंगौली मेन रोड के बिजली के पोल में टक्कर मार दी थी, जिससे पोल टूट गया था। जब से पोल टूटा है, तभी से ग्रामीणों का पावर हाउस पर आना-जाना लगा हुआ है। वहां के लोगों का कहना है कि आज-कल में लग जाएगा, लेकिन धीरे-धीरे लगभग एक महीना हो गया और पोल अभी तक नहीं लगा।
ग्रामीण सादिक अली का कहना है कि 1912 पर ऑनलाइन कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पाई। पावर हाउस पहुंचने के बाद जेई साहब से कभी मुलाकात भी नहीं हो पाती है और न ही उनका फोन उठता है। वहां के कर्मचारियों से जब बात होती है तो यही जवाब मिलता है कि आज-कल में लग जाएगा, पर अभी तक नहीं लगा।
सबसे ज्यादा परेशानी सादिक अली को हो रही है। उनकी फर्नीचर की दुकान का कनेक्शन उसी टूटे हुए पोल से हुआ है। जब से पोल टूटा है, तभी से उनका कारोबार बंद पड़ा है। फर्नीचर की दुकान ही उनकी रोजी-रोटी है, लेकिन पोल न लगने से वह इससे भी दूर हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पोल टूटने के बाद से घर, दुकान और रोड पर अंधेरा रहता है। बिजली की आपूर्ति बाधित हो रही है। रात में अंधेरे के कारण आने-जाने में काफी परेशानी होती है और किसी अनहोनी का भी डर बना रहता है।
इसी को लेकर प्रार्थी मैनुद्दीन अली, सादिक अली, कन्हैया प्रजापति, लारी पांडेय, रामबली और इशहाक अली सहित अन्य ग्रामीणों ने 18 नवंबर 2026 बुधवार को अवर अभियंता, विद्युत वितरण खंड, सिसवा को प्रार्थना-पत्र सौंपकर टूटे हुए पोल के स्थान पर नया पोल लगवाने की मांग की है।
वहीं ग्रामीणों ने सिसवा बिजली विभाग के एसडीओ तुषार सिंह को भी ज्ञापन दिया। इस संदर्भ में पूछे जाने सिसवा उपखंड अधिकारी तुषार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। शीघ्र ही पोल लगवा कर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।









