मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
निचलौल – महराजगंज। विशेष सचिव परिवहन विभाग केपी सिंह ने गुरुवार को निचलौल क्षेत्र में विभिन्न सरकारी संस्थानों एवं विकास कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर मिली खामियों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सीएचसी निचलौल के निरीक्षण के दौरान दवा स्टॉक रजिस्टर का रखरखाव व्यवस्थित नहीं मिलने तथा शौचालय के बाहर पानी जमा होने पर विशेष सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल अधीक्षक को साफ-सफाई और अभिलेखों के रखरखाव में सुधार के निर्देश दिए।
बजहा उर्फ अहिरौली गांव में ग्रामीणों ने गंडक की सफाई और जलनिकासी की समस्या उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष जलभराव के कारण फसलों को नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं स्वास्थ्य उपकेंद्र पर रात के समय चिकित्सक और पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता की मांग की गई। इस पर विशेष सचिव ने रात्रिकालीन डॉक्टर की तैनाती के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली। आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इसके अलावा अमृत सरोवर का निरीक्षण कर उसकी व्यवस्था की सराहना की और बेहतर रखरखाव पर जोर दिया। मैरेज हाल में ग्रामीणों से संवाद कर उसके उपयोग एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
विशेष सचिव ने कुड़ियां माता मंदिर में पूजा-अर्चना करने के साथ ही बैठवलिया राजकीय आयुर्वेदिक केंद्र और डिजिटल लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। आयुर्वेदिक केंद्र में उपलब्ध दवाओं की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए। डिजिटल लाइब्रेरी में बच्चों से उनकी पढ़ाई तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के बारे में जानकारी लेकर उन्हें प्रोत्साहित किया।









