जावेद अख्तर सह सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
भईया फरेंदा। गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड पर स्थित 11-सी और 13-सी रेलवे अंडरपास में पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश के बाद जलभराव की समस्या बनी हुई है। अंडरपास में पानी भर जाने से यह तालाब जैसा नजर आने लगा है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, स्कूल बसों और बड़े वाहनों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद कई दिनों तक अंडरपास में पानी जमा रहता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। पानी के बीच से वाहनों के गुजरने के दौरान संतुलन बिगड़ने से कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं।
अंडरपास में जलभराव के कारण बड़े वाहनों को भी निकलने में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों से शिकायत के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों का आरोप है कि बारिश के बाद कई दिनों तक पानी जमा रहता है, लेकिन समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की जाती।
स्थानीय लोगों ने दोनों अंडरपास से जल्द पानी निकलवाने तथा भविष्य में जलभराव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है। आनंदनगर के आईओडब्ल्यू इसरार अहमद ने बताया कि सोमवार को दोनों अंडरपास से पानी निकालने की व्यवस्था की जाएगी।









