नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। ग्राम्य विकास सचिव रजनीश चंद्रा ने सोमवार को पनियरा विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर सरकारी योजनाओं और जनसुविधाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कहीं जलापूर्ति व्यवस्था महीनों से ठप मिली तो कहीं विद्यालय में बच्चे फर्श पर बैठकर पढ़ते मिले। व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर सचिव ने संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।
सचिव ने डिंगरी, रामनगर और मोहद्दीनपुर ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। रामनगर में सरकारी अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद मोहद्दीनपुर के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां बच्चों को फर्श पर बैठकर पढ़ाई करते देख उन्होंने नाराजगी जताई और विद्यालय में जल्द फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से जानकारी लेने पर कई महीनों से जलापूर्ति बाधित होने की बात सामने आई। इस पर सचिव ने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही मामले से शासन को अवगत कराने की बात कही।
दिव्यांग बच्चों की शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान विकासखंड में महज चार विशेष शिक्षकों की तैनाती की जानकारी मिली। इस पर सचिव ने असंतोष जताते हुए विशेष शिक्षकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी जानी।
निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी पंचायत राधेश्याम सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी अंकिता सिंह, डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।









