मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
हेडलाइट की रोशनी में अचानक दिखा बाघ, कुछ देर थम गईं सांसें; रास्ते से हटने के बाद आगे बढ़ा वाहन
निचलौल ।सोहगीबरवा वन क्षेत्र में बाढ़ प्रभावितों तक राहत सामग्री पहुंचाने में जुटे राजस्वकर्मियों और अधिकारियों के सामने अब वन्यजीवों का खतरा भी चुनौती बनता जा रहा है। सोमवार देर शाम राहत सामग्री लेकर जा रहे निचलौल के नायब तहसीलदार के वाहन के सामने अचानक टाइगर आ गया। वाहन की हेडलाइट की रोशनी में बाघ को सामने देखकर चालक समेत वाहन में सवार सभी लोग कुछ क्षण के लिए सहम गए। हालांकि, कुछ देर बाद टाइगर जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद वाहन सवारों ने राहत की सांस ली।
नायब तहसीलदार पीयूष कुमार जायसवाल ने बताया कि सोहगीबरवा से बिहार के नौरंगिया जाने के दौरान जंगल के रास्ते में यह घटना हुई। सोहगीबरवा समेत शिकारपुर और भोतहा गांवों में बाढ़ के बाद राहत एवं बचाव कार्य जारी है। राहत सामग्री बिहार के नौरंगिया में रखी गई है, जहां से दुर्गम रास्तों के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए प्रभावित गांवों तक सामग्री पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि शाम को राहत सामग्री वाहन पर लोड कराने के बाद नौरंगिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जंगल के रास्ते में अचानक टाइगर वाहन की हेडलाइट के सामने आ गया। कुछ देर रास्ते पर रुकने के बाद वह जंगल की ओर चला गया। इसके बाद चालक ने वाहन को धीमी गति से आगे बढ़ाया।
बाढ़ के बाद सोहगीबरवा क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ने से ग्रामीणों के साथ राहत कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी भी सतर्क हैं। दुर्गम जंगल क्षेत्र में राहत सामग्री पहुंचाना अब उनके लिए चुनौती के साथ-साथ जोखिम भरा काम भी बन गया है।









