मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में 22 सितम्बर 2026 को लगभग 19:20 बजे सोनौली सीमा पर नियमित बस चेकिंग के दौरान 22 वीं सशस्त्र सीमा बल “बी” समवाय द्वारा एक नेपाली नागरिक के कब्जे से 600 ग्राम चरस जैसा संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया गया।
बस यात्रियों एवं उनके सामान की एक्स-रे जांच के दौरान एक चाउ-चाउ के कार्टून में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। कार्टून की तलाशी लेने पर टेप से लिपटा एक पैकेट बरामद हुआ, जिसमें चरस जैसा संदिग्ध पदार्थ पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर इसका वजन 600 ग्राम पाया गया। इसके अतिरिक्त नेपाली मुद्रा ₹11,200/- एवं भारतीय मुद्रा ₹320/- बरामद हुई।
मामले में धीरेन्द्र धर्ती मगर, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम निसी, जिला बाग्लुङ, गण्डकी प्रदेश, नेपाल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उक्त संदिग्ध चरस उसने रोशन नामक व्यक्ति, निवासी पंचासे, गण्डकी प्रदेश, नेपाल से खरीदी थी। उसके अनुसार वह इसे सोनौली सीमा के रास्ते दिल्ली और वहां से शिमला ले जाकर बेचने की योजना बना रहा था।
बरामद संदिग्ध मादक पदार्थ एवं अन्य सामग्री को नियमानुसार जब्त कर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण की गई। इसके पश्चात 23 सितम्बर 2026 को 09:45 बजे आरोपी को बरामद सामग्री सहित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, क्षेत्रीय मुख्यालय गोरखपुर को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु सुपुर्द किया गया।









