मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
निचलौल- महराजगंज। उत्तर प्रदेश के जनपद महराजगंज के निचलौल में स्थित निचलौल नगर के मिया वार्ड में सोमवार शाम मुर्गे का मीट बेचने को लेकर दो दुकानदारों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। इसी दौरान कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रहे किशोर हरिओम अग्रवाल के बाएं हाथ में चाकू लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच-पड़ताल की तथा विवाद से जुड़े लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। पुलिस पूरे मामले की परिस्थितियों और विवाद के कारणों की जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मिया वार्ड में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल रहा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।










