धनंजय गुप्ता संवाददाता एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। सिसवा को तहसील का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। शुक्रवार को नगर पालिका के मेन मार्केट स्थित बनारसी कटरा में व्यापारियों की मौजूदगी में एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने रक्तदान कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम रक्त से पत्र लिखकर सिसवा को तहसील बनाने की मांग उठाई।
राजन विश्वकर्मा ने कहा कि सिसवा को तहसील का दर्जा मिलने तक उनकी मुहिम जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक तीन माह में मुख्यमंत्री के नाम रक्त से पत्र भेजकर सरकार का ध्यान इस मांग की ओर आकर्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष की मांग नहीं, बल्कि सिसवा क्षेत्र की बड़ी आबादी से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
उन्होंने बताया कि सिसवा को तहसील बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। वर्ष 2010 में नई तहसीलों के गठन को लेकर तैयार रिपोर्ट में भी सिसवा का नाम शामिल था। बाद में खड्डा और कप्तानगंज को तहसील का दर्जा मिल गया, लेकिन सिसवा की मांग अब तक लंबित है।
राजन विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री से जनहित में सिसवा को जल्द तहसील का दर्जा देने की मांग की।









